मैहर ।
Maihar News: RSS : सुरक्षा कारणों से मैहर तहसील क्षेत्र को 4 अक्तूबर को सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया, जिसमें ड्रोन और अन्य उड़ान गतिविधियों पर रोक रहेगी।
Maihar News: Tight security arrangements for RSS chief Mohan Bhagwat’s visit to Maihar
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत शनिवार सुबह विशेष ट्रेन (रीवा–इतवारी 11755) से मैहर रेलवे स्टेशन पहुंचे। सुबह 07:07 बजे स्टेशन पर उतरने के बाद सुरक्षा घेरे में उन्हें कार से संघ कार्यालय, बॉस कॉलोनी ले जाया गया। संघ कार्यालय में अल्प विश्राम के बाद उनका काफिला स्टेट बैंक चौराहा होते हुए मां शारदा देवी मंदिर के लिए रवाना हुआ।
मंदिर परिसर में कड़ी सुरक्षा
भागवत के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए। प्रशासन ने आम दर्शनार्थियों को नियंत्रित रखा और मंदिर प्रांगण को पूरी तरह से खाली करा दिया। श्रद्धालुओं को सीढ़ी मार्ग से सीमित संख्या में प्रवेश की अनुमति दी गई। RSS प्रमुख ने विधिविधान से मां शारदा के दर्शन और पूजा-अर्चना की। दर्शन के उपरांत उनका काफिला रामपथ गमन मार्ग से सतना के लिए रवाना होगा।
सुरक्षा बल अलर्ट मोड पर
भागवत के दौरे के मद्देनजर पुलिस बल ने पूरे मार्ग और कार्यक्रम स्थल की चाक-चौबंद जांच की। मार्ग से जुड़ी दुकानों, मकानों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों की गहन तलाशी ली गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
RSS प्रमुख के प्रवास को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट रानी बाटड ने सुरक्षा कारणों से 4 अक्तूबर को सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक पूरे मैहर तहसील क्षेत्र को नो-फ्लाई ज़ोन घोषित कर दिया है। इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून जैसी किसी भी उड़ान गतिविधि पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
