पटना:
Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के शुरुआती रुझानों ने राज्य की राजनीति की तस्वीर लगभग साफ कर दी है। एनडीए गठबंधन 197 सीटों पर बढ़त के साथ प्रचंड जीत की ओर बढ़ता दिख रहा है। इस बढ़त के साथ यह लगभग तय माना जा रहा है कि नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
NDA की बड़ी बढ़त, JDU और BJP का शानदार प्रदर्शन
रुझानों में JDU और BJP दोनों को मजबूत बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नेतृत्व और बीजेपी का मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क एनडीए के पक्ष में जाता दिख रहा है। कई सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों ने शुरुआती राउंड में ही बड़ी लीड हासिल कर ली है।
महागठबंधन 40 पर सिमटा, RJD को बड़ा झटका
विपक्षी महागठबंधन सिर्फ 40 सीटों पर आगे है। तेजस्वी यादव की आरजेडी, जो पिछला चुनाव सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, इस बार कमजोर प्रदर्शन कर रही है। कई पारंपरिक सीटों पर भी उसे कड़ा मुकाबला झेलना पड़ रहा है।
कांग्रेस का खराब प्रदर्शन: सिर्फ 4 सीटों पर आगे
61 सीटों पर चुनाव लड़ रही कांग्रेस सिर्फ 4 सीटों पर आगे है। राहुल गांधी और कांग्रेस की चुनावी रणनीति राज्य में असरदार नहीं दिख रही। कई सीटों पर कांग्रेस तीसरे और चौथे नंबर पर खिसक गई है।
मतदान प्रतिशत में रिकॉर्ड, लेकिन माहौल एनडीए के पक्ष में
इस बार बिहार में मतदान 66% से अधिक दर्ज किया गया, जो एक नई रिकॉर्ड संख्या है। भारी मतदान के बावजूद रुझान साफ तौर पर एनडीए की सरकार की ओर इशारा कर रहे हैं।
नीतीश का अनुभव और बीजेपी की ताकत—दोनों फैक्टर निर्णायक
विश्लेषकों का मानना है कि नीतीश कुमार के काम, भाजपा का संगठन, केंद्र सरकार की योजनाएँ और जातीय संतुलन–इन सभी ने मिलकर एनडीए को बड़ी बढ़त दिलाई है।
